BHILAI NEWS. जिला न्यायालय दुर्ग की एक महिला अधिवक्ता की इलाज के दौरान हुई संदेहास्पद मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला अधिवक्ता संघ, दुर्ग ने इस घटना को लेकर गंभीर चिंता और आक्रोश व्यक्त किया है। संघ ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर हाईटेक हॉस्पिटल, नेहरू नगर, भिलाई के संचालक, डॉक्टरों और संबंधित स्टाफ के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, मृतका के परिजनों को अस्पताल प्रबंधन की ओर से 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग भी उठाई गई है।

जिला अधिवक्ता संघ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, संघ की सक्रिय सदस्य श्रीमती बलवीर कौर चौहान दुर्ग जिला न्यायालय में वकालत कर रही थीं। 1 नवंबर 2026 को हाईटेक हॉस्पिटल, नेहरू नगर, भिलाई में एक माइनर ऑपरेशन के दौरान उनकी अचानक और संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई।

अधिवक्ता संघ का आरोप है कि मृतका एक कम उम्र की महिला थीं और अस्पताल की ओर से इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई। इस घटना के बाद से स्थानीय वकीलों और अधिवक्ता संघ में भारी रोष व्याप्त है।

अधिवक्ता संघ की मुख्य मांगें
उच्च स्तरीय जांच: हाईटेक हॉस्पिटल के संचालक, उपचार करने वाले डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भूमिका की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच समिति का गठन किया जाए।
सख्त कार्रवाई: प्रथम दृष्टя लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
आर्थिक मुआवजा: अस्पताल संचालक द्वारा मृतका के शोकाकुल परिवार को तुरंत 1 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए, तो जिला अधिवक्ता संघ आगे और भी कड़े कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।
पति की मौत का डर दिखाकर बाबा ने महिला से ठगे 24 लाख रुपये! पूजा-पाठ के नाम पर ऐसे रची ठगी की साजिश






































