SARANGARH NEWS. साइबर ठगी की रकम को म्यूल अकाउंट के जरिए ट्रांसफर कराने वाले गिरोह के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दुर्ग जिले के चंद्रखुरी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर साइबर ठगी की रकम का अवैध लेनदेन कराने और इसके बदले कमीशन लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और पासबुक समेत अन्य सामान जब्त किया है। तीनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर सारंगढ़ उपजेल भेज दिया गया।

एक बैंक खाते से हुआ 2.71 करोड़ रुपये का लेनदेन
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान एक बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन सामने आया। जांच में यह खाता दिनेश बंजारे के नाम पर मिला। पूछताछ और पड़ताल में सामने आया कि दिनेश ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस जांच में पता चला कि इस खाते के जरिए करीब एक वर्ष के भीतर 2 करोड़ 71 लाख 75 हजार 719 रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया। पुलिस के अनुसार, देश के अलग-अलग राज्यों में इस खाते से जुड़ी 56 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।
2 हजार मोबाइल नंबरों के विश्लेषण से मिला सुराग
मामले में पुलिस पहले ही सकरतुंगा निवासी अनिल पटेल, खाताधारक दिनेश बंजारे और उत्तम बाई बंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने करीब 2,000 मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया।

जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को दुर्ग जिले के चंद्रखुरी में दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरसींवा के सोंडरा निवासी चेतन निषाद उर्फ भदरी उर्फ लक्की (23), चंद्रखुरी निवासी देवा श्रीकांत चंद्राकर (31) और योगेंद्र चंद्राकर (32) के रूप में हुई है।
APK फाइल और सर्वर के जरिए कराते थे लेनदेन
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मोबाइल फोन में APK फाइल डाउनलोड करवाने और सर्वर के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का अवैध लेनदेन कराते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अनिल पटेल के साथ मिलकर दिनेश बंजारे के बैंक खाते से 2.71 करोड़ रुपये से अधिक की रकम का लेनदेन कराया था।

कार और पांच मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत की कार, लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य के पांच मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और पासबुक समेत अन्य सामान जब्त किया है। सारंगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



































