JOB NEWS. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश से काम की खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि निदेशालय के तहत कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के जरिए कुल 134 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का UPSSSC PET-2025 में शामिल होना और वैध स्कोरकार्ड होना जरूरी है। भर्ती का नोटिफिकेशन 14 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में सुधार के लिए 14 अक्टूबर तक का समय दिया जाएगा। सभी वर्गों के उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन के समय 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों से आयोग की ओर से अलग से मुख्य परीक्षा शुल्क लिया जाएगा।

UPSSSC के मुताबिक कनिष्ठ अभियंता (कृषि) के कुल 134 पदों में अलग-अलग वर्गों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं।
वर्ग पद
सामान्य 54
एससी 23
एसटी 1
ओबीसी 43
ईडब्ल्यूएस 13
कुल 134

PET-2025 वालों को ही मिलेगा मौका
इस भर्ती की मुख्य परीक्षा के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने PET-2025 में हिस्सा लिया है और उनके पास वैध स्कोरकार्ड है। PET-2025 में शून्य या निगेटिव स्कोर प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर होगी। कनिष्ठ अभियंता (कृषि) पद के लिए उम्मीदवार का हाईस्कूल या इसके समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। इसके साथ तीन वर्षीय कृषि इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना चाहिए। डिप्लोमा उत्तर प्रदेश बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन या सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष संस्थान से होना चाहिए और वह AICTE से अनुमोदित होना जरूरी है।

ऐसा होगा मुख्य परीक्षा का पैटर्न
UPSSSC JE Agriculture की मुख्य परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी। पेपर में कृषि इंजीनियरिंग को सबसे ज्यादा वेटेज दिया गया है।
कृषि इंजीनियरिंग से जुड़े विषय: 65 प्रश्न
कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी: 15 प्रश्न
उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी: 20 प्रश्न
कुल प्रश्न: 100
कुल अंक: 100
परीक्षा अवधि: 2 घंटे
नेगेटिव मार्किंग: प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/4 अंक की कटौती
आवेदन की जरूरी तारीखें
इवेंट तारीख
नोटिफिकेशन जारी 14 अगस्त 2026
आवेदन शुरू 17 सितंबर 2026
आवेदन और शुल्क की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026
आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 14 अक्टूबर 2026

ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। लॉगिन के लिए PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर प्राप्त OTP का इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी और 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदन का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना बेहतर होगा।



































