KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। घर में प्लास्टिक की बोतल में रखी महुआ शराब को पानी समझकर पीने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। शराब पीने के कुछ देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं।

हालत गंभीर होने पर परिजन उसे कई अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान 4 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मनीष कुमार, पिता शिवलाल सिंह (3 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम दुलापुर काशिमुड़ा, थाना पसान, जिला कोरबा का रहने वाला था।

खेलते समय बोतल से पी लिया शराब
परिजनों के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे मनीष घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर प्लास्टिक की एक बोतल पर पड़ी। बोतल में महुआ शराब रखी हुई थी, लेकिन मासूम उसे पानी समझ बैठा और पी गया। कुछ देर बाद बच्चे को उल्टियां होने लगीं। मां फूलकुंवर ने इसकी जानकारी उसके पिता शिवलाल सिंह को दी। पिता शाम करीब 7 बजे घर पहुंचे। उस वक्त बच्चे की हालत कुछ ठीक बताई गई थी।

अगले दिन अचानक बिगड़ी तबीयत
अगले दिन मनीष की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए खड़गवां अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिरमिरी रेफर कर दिया। चिरमिरी में इलाज के बावजूद बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।

4 अक्टूबर को इलाज के दौरान मौत
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान 4 अक्टूबर को तीन साल के मनीष ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





































