DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक शादीशुदा युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। रत्नाबांधा निवासी जय प्रकाश देवांगन का शव उसके घर में मिला। परिजनों ने पारिवारिक विवाद और मानसिक परेशानी को घटना की वजह बताया है। उनका आरोप है कि पत्नी को वापस घर लाने के लिए उसके सामने 25 लाख रुपये देने की शर्त रखी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, जय प्रकाश देवांगन की करीब चार साल पहले मोनिका देवांगन से शादी हुई थी।

परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। पिछले करीब आठ महीनों से पत्नी अपने मायके में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि जय प्रकाश पत्नी को वापस घर लाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर पत्नी की ओर से ससुराल लौटने के लिए 25 लाख रुपये की मांग की गई। परिजनों के मुताबिक, इस बात को लेकर जय प्रकाश काफी परेशान था।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस 25 लाख रुपये की कथित मांग, पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देवांगन समाज ने भी कार्रवाई की मांग की
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वहीं, देवांगन समाज की ओर से भी मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।






































