DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र में दंतैल हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी फिलहाल छुही बीट के कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। वन विभाग ने हाथी की लोकेशन मिलने के बाद उसके संभावित मूवमेंट को देखते हुए आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। वन विभाग के अनुसार, दंतैल हाथी के आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट किया गया है।

वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीमें लगातार हाथी की लोकेशन और उसके मूवमेंट पर नजर रख रही हैं। प्रभावित इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को हाथी से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जा रही है।

विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसका पीछा करने या उसे किसी भी तरह परेशान करने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देने को कहा गया है।

बताया गया है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। फिलहाल वन विभाग उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। हाथी के मूवमेंट के आधार पर आसपास के गांवों में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।






































