RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता द्वारा पुलिस के साथ विवाद और थाना परिसर में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

डीजे वाहन छुड़ाने थाने पहुंचा था भाजयुमो नेता
जानकारी के मुताबिक, निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई को रुकवाने और संबंधित डीजे वाहन को छुड़ाने के लिए शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर उसकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर थाना परिसर में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए एफआईआर दर्ज की।
नॉर्थ DCP ने बताया—शासकीय कार्य में बाधा और तोड़फोड़ पर कार्रवाई
रायपुर नॉर्थ DCP दीपमाला कश्यप ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर की है। शुभांकर द्विवेदी डीजे वाहन को छोड़ने के लिए थाने आया था। इस दौरान उसने विवाद करते हुए थाना परिसर में तोड़फोड़ की। मामले में शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

कांग्रेस ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि गुढ़ियारी थाने में तोड़फोड़ और टीआई के साथ मारपीट की घटना गंभीर है। उन्होंने गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के इस्तीफे की मांग की।
मेनन ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छत्तीसगढ़ को बिहार बनाने की तैयारी कर चुकी है।






































