JANJGIR CHANPA NEWS. आगामी जनगणना में ‘सतनाम धर्म कोड’ को शामिल कराने और कानूनी मान्यता की मांग को लेकर गुरुघासीदास सेवादार संघ (GSS) ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 27 सितंबर 2026 को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बोरसी में एक विशाल जनसमर्थन सभा और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस सभा में सतनाम धर्मावलंबियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

संवैधानिक मान्यता और धर्म कोड की प्रमुख मांग
सभा के मुख्य वक्ता एवं GSS के प्रवक्ता वीरेंद्र भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि 2026-27 की जनगणना में गुरुघासीदास प्रवर्तित सतनाम धर्म को एक स्वतंत्र धर्म कोड प्रदान करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने मांग रखी कि ‘संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950’ में संशोधन कर, बौद्ध और सिख धर्मावलंबियों की तर्ज पर सतनाम धर्म के अनुसूचित जाति अनुयायियों को भी संवैधानिक मान्यता और संरक्षण दिया जाए। इस विषय पर सांसदों और विधायकों से विधायी पहल कराने के लिए सामूहिक जनहस्ताक्षर युक्त ज्ञापन तैयार करने पर भी सहमति बनी।

रायपुर में बड़े आंदोलन की तैयारी
कार्यक्रम में GSS के जांजगीर-चांपा जिला संयोजक सुशील अनंत और मुंगेली जिला संयोजक रूपदास टंडन ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने समाज को एकजुट करते हुए रायपुर में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वक्ताओं ने जोर दिया कि गुरुघासीदास और सतनाम परंपरा के प्रमाणित मूल इतिहास को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही, सतनामी समाज से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और परिसंपत्तियों के स्वामित्व और संचालन में आम सतनामियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

शोषित समुदायों की एकता पर बल
सभा में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विकास का मॉडल शोषक या सतही नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें सभी वर्गों की समान हिस्सेदारी होनी चाहिए। वक्ताओं ने सतनामियों और अन्य शोषित समुदायों को बांटने वाले षड्यंत्रों के प्रति सचेत करते हुए सामाजिक न्याय और समतामूलक व्यवस्था के लिए साझा संघर्ष का संकल्प लिया।

प्रश्नोत्तरी से हुआ शंकाओं का समाधान
मुख्य भाषणों के बाद एक प्रश्नोत्तरी सत्र भी रखा गया, जिसमें ग्रामीणों ने सामाजिक, धार्मिक और संवैधानिक विषयों पर सीधे सवाल किए। मुख्य वक्ता वीरेंद्र भारद्वाज ने तथ्यों और तर्कों के साथ संतोषजनक उत्तर देकर जनसमुदाय का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्यामचंद मिरी ने किया और आभार प्रदर्शन बोरसी के सरपंच पति धर्मेंद्र महिलांगे द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सत्यनारायण घृतलहरे, भेनाराम टंडन, केजूराम रात्रे, गुनाराम टंडन, अजय जोगी सहित अनेक स्थानीय सहयोगियों ने अहम भूमिका निभाई। उपस्थित ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि इस जनजागरण अभियान को अब गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।







































