BHILAI NEWS. भारी बारिश और खराब मौसम भी छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टर्स के हौसले नहीं डिगा सका। भिलाई में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ राज्य क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता’ के दूसरे दिन महिला खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत ताकत का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रविवार को हुए मुकाबलों में महिलाओं ने विभिन्न वजन वर्ग समूहों में स्क्वैट्स, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट में न सिर्फ सर्वाधिक वजन उठाया, बल्कि नए रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

भारी वजन वर्ग में पुरुषों का भी दिखा दम
महिला वर्ग के मुकाबलों से पहले पुरुषों के भारी वजन वर्ग (93, 105, 120 एवं +120 किलो) के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ लिफ्टिंग के साथ इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता का खिताब जीतने में कामयाबी हासिल की। वहीं पहले दिन 53 से 83 किलो वर्ग में 150 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी ताकत की आजमाइश की थी।

18 जिलों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता को लेकर प्रदेश भर के युवाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। शुक्रवार से ही तेज बारिश के बावजूद रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बस्तर, कवर्धा और नारायणपुर समेत 18 जिलों के 250 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भिलाई पहुंचे। बालिकाओं के 43 किलो से लेकर +84 किलो वर्ग तक में कांटे की टक्कर देखने को मिली। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पदक विजेताओं में से सर्वाधिक अंक हासिल करने वालों को ‘बेस्ट लिफ्टर अवार्ड’ से नवाजा गया।

पावरलिफ्टिंग से संवर रहा युवाओं का भविष्य
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संघ के मुख्य संरक्षक जी सुरेश (बाबे) और विशिष्ट अतिथि बीएसपी एथलेटिक क्लब के अध्यक्ष परमिंदर सिंह उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जी सुरेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पावरलिफ्टर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और राज्य का मान बढ़ा रहे हैं। इस खेल के माध्यम से युवा सरकारी नौकरियां और खेल पुरस्कार प्राप्त कर अपना भविष्य भी सुरक्षित कर रहे हैं। उन्होंने आगामी नवंबर माह में दुर्ग में होने वाली ‘वेस्ट जोन राष्ट्रीय प्रतियोगिता’ के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
दिवाली पर नई कार खरीदने जा रहे हैं? ये 6 तरीके अपनाकर बचा सकते हैं हजारों रुपये, जानिए..
वहीं, परमिंदर सिंह ने फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता पर जोर देते हुए कहा, “पिछले 25 वर्षों में पावरलिफ्टिंग में युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ा है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब 40 से 80 वर्ष तक के व्यक्ति भी इस खेल में रुचि ले रहे हैं। जिम और फिटनेस क्लब्स में स्क्वाट्स, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट जैसी एक्सरसाइज के बढ़ते चलन ने इस खेल को और भी लोकप्रिय बना दिया है।”
आयोजन को सफल बनाने में महासचिव कृष्णा साहू, कोषाध्यक्ष संतोष देवांगन सहित संघ के सभी पदाधिकारियों और निर्णायकों की अहम भूमिका रही।







































