BILASPUR NEWS. कांग्रेस में टूट-फूट और गुटबाजी की चर्चाओं के बीच नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पार्टी की एकजुटता का दावा करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे महंत ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के 35 विधायक महज संख्या नहीं हैं, बल्कि एक-एक ‘टाइगर’ हैं, जो जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगी।

महंत बोले- असली टूट भाजपा में
पत्रकारों से चर्चा में डॉ. महंत ने कांग्रेस में टूट की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने दावा किया कि टूट की स्थिति कांग्रेस में नहीं, बल्कि भाजपा में है। महंत ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच तालमेल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को मंत्रियों के कामकाज की पूरी जानकारी नहीं है और मंत्रियों को मुख्यमंत्री के काम की जानकारी नहीं है।
महंत ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान शुरू की गई योजनाओं और गारंटियों को अब केंद्र की मोदी सरकार अपने नाम से पेश कर रही है।

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल बने निशाने पर
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। डॉ. महंत ने कहा कि प्रदेश के कई उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में चार से पांच गुना तक बढ़े बिजली बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस दिए जाने पर भी सवाल उठाया।
महंत ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े इस मुद्दे को कांग्रेस विधानसभा में भी उठाएगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

कस्टोडियल डेथ पर भूपेश ने घेरा गृह विभाग
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत का मामला उठाते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह विभाग की लापरवाही के कारण प्रदेश में हिरासत में मौत के मामले बढ़ रहे हैं। बघेल ने कहा कि गृह मंत्री से विभाग संभल नहीं पा रहा है।
उन्होंने प्रदेश की खराब सड़कों, नल-जल योजना, आवास योजना, बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा।

तीन दिन तक चलेगा संगठन सृजन प्रशिक्षण
बिलासपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इससे पहले जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे। अब इसी कड़ी में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों को लेकर सक्रिय करना है।





































