JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी में सोमवार को एक रेप पीड़िता महिला कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गई। महिला ने अपने पति और उसके दोस्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उस पर रेप का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और फोन के जरिए धमकियां भी दी जा रही हैं। महिला का आरोप है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
महिला के कलेक्ट्रेट में धरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उसे थाने चलकर शिकायत देने और कार्रवाई कराने की बात कही, लेकिन महिला वहां से उठने को तैयार नहीं हुई। इसी दौरान उसने हंगामा करते हुए कहा कि वह पहले भी थाने के चक्कर लगा चुकी है। अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह कलेक्ट्रेट में ही अपनी जान दे देगी।
काफी देर तक महिला के धरने पर बैठे रहने से कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही।
क्या है पूरा मामला?
महिला के मुताबिक, करीब एक साल पहले उसके पति के दोस्त और मध्य प्रदेश के दतिया जिले में तैनात लेखपाल ने कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ रेप किया था। महिला का कहना है कि इस घटना के बाद उसने सीपरी बाजार थाने में शिकायत की थी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लेखपाल दीपनारायण को 31 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। करीब दो महीने बाद वह जमानत पर बाहर आया। महिला का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से फोन करवाकर उसे धमकियां दिलाई जा रही हैं। उसका कहना है कि इन शिकायतों के बावजूद उसे पुलिस से अपेक्षित मदद नहीं मिली, जिसके बाद उसने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना देने का फैसला किया।
2024 में हुई थी महिला की दूसरी शादी
महिला के मुताबिक, वह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिंगल पुरा की रहने वाली है। उसके पहले पति की 2023 में मौत हो चुकी है। उसके दो बेटे हैं, जो शादी के बाद झांसी से बाहर अपने परिवार के साथ रहते हैं।
महिला ने बताया कि 2024 में उसकी मुलाकात दतिया निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उसने खुद को सरकारी कर्मचारी बताया था और कहा था कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 5 नवंबर 2024 को दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद महिला अपने पति के साथ रहने लगी।
पति का दोस्त अक्सर आता था घर
महिला का आरोप है कि उसका पति का दोस्त दीपनारायण अक्सर घर आता-जाता था। वह खुद को दतिया जिले के सेंवढ़ा में तैनात लेखपाल बताता था। महिला के अनुसार, 22 जुलाई को उसका पति और दीपनारायण शराब के नशे में घर आए थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान दीपनारायण ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ रेप किया गया।
महिला ने दावा किया कि होश में आने के बाद उसने घटना का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद पति ने उसे धमकाया और कहा कि आरोपी उसका दोस्त है, इसलिए घटना के बारे में किसी को न बताए। महिला के मुताबिक, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा था
महिला की शिकायत के आधार पर सीपरी बाजार थाने में आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 31 मई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई। महिला का आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। इसी को लेकर वह सोमवार को डीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई।
पुलिस ने क्या कहा?
मौके पर पहुंची नवाबाद थाना पुलिस ने महिला को कार्रवाई के लिए थाने चलने को कहा। पुलिस के मुताबिक, महिला अपनी शिकायत लेकर थाने आने को तैयार नहीं थी। पुलिस का कहना है कि महिला ने जिलाधिकारी को भी कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। यदि महिला लिखित शिकायत देती है तो उसके आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





































