BILASPUR NEWS. बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, सोने के जेवर, वारदात में इस्तेमाल कार, बाइक और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में करीब 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

रेलवे कर्मचारी से लूट के बाद घर में घुसकर वारदात
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से कलेक्शन की रकम लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को सलका डैम मोड़ के पास आरोपियों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने कर्मचारी से बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया था।

इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपी बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में दाखिल हुए। वहां उन्होंने मारपीट की और एयरगन दिखाकर सोने के जेवरात लूट लिए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
लगातार हुई इन वारदातों की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि राकेश जायसवाल ने वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी कोटा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, सोने के जेवर, कार, बाइक और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





































