JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पार्षद रामखिलावन जांगड़े और निजी क्लिनिक संचालक जोहित खरे शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चार लोगों ने पी थी शराब, दो की बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के मुताबिक, पामगढ़ में चार लोगों ने एक साथ शराब पी थी। इसके बाद उनमें से दो की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए पामगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान पार्षद रामखिलावन जांगड़े की सिम्स अस्पताल में और जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में मौत हो गई।
जहरीली शराब की आशंका, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई है। शराब पीने वाले अन्य दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब में कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं मिलाया गया था।
हालांकि, फिलहाल जहरीली शराब से मौत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



































