PENDRA NEWS. पेंड्रा क्षेत्र के गुल्ली-डांड गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान की बाड़ी में करीब 12 फीट लंबा और 50 किलो वजनी विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, अजगर बाड़ी में मौजूद एक बिल्ली को निगल चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सर्प मित्र द्वारिका कोल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद सर्प मित्र ने विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे गांव से दूर प्राकृतिक रहवास वाले गहरे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। विशालकाय अजगर का यह रेस्क्यू अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।






































