BIJNOR NEWS. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र में महिला ने अपने ससुर पर कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और विरोध करने पर पति व अन्य परिजनों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी हीमपुरदीपा क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसे अपने पति की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में पता चला। इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसका ससुर कथित तौर पर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया और पति व सास को इसकी जानकारी दी, तो उसे सहयोग मिलने के बजाय कथित रूप से मारपीट का सामना करना पड़ा।
5 लाख रुपये और कार मांगने का भी आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में दहेज उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। उसका कहना है कि शादी में मायके पक्ष ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले कथित तौर पर 5 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और घर से बाहर निकाल दिया गया।
कपड़े बदलते समय वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वैवाहिक जीवन बचाने की उम्मीद में वह 5 अक्टूबर को दोबारा ससुराल लौट आई थी। हालांकि, उसके मुताबिक वहां भी उत्पीड़न जारी रहा। महिला ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को जब वह अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी, तब ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। इस घटना के बाद उसने खुद को असुरक्षित महसूस किया और पुलिस से शिकायत की।
पति-सास-ससुर समेत 7 लोगों पर FIR
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति, सास, ससुर, तहेरे ससुर, ममेरे ससुर, जेठ और ननद समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। चांदपुर के सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर हीमपुरदीपा थाने में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

































