JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हजारों किसानों को सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना से 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों की 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को खरीफ के साथ रबी सीजन में भी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान साल में एक से अधिक फसल ले सकेंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे।

बगिया बैराज परियोजना की सबसे खास बात इसका आधुनिक तकनीक आधारित संचालन है। सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। सरकार के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में इस तरह की तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने और जल प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है। किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को मौसम और बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है। इस परियोजना के पूरा होने से उनकी यह परेशानी काफी हद तक दूर होगी। बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इससे बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली और बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों को लाभ मिलेगा। परियोजना के जरिए क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। किसानों को समय पर पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





































