BILASPUR NEWS. सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रौब झाड़ना दो युवकों को भारी पड़ गया। सकरी थाना क्षेत्र में दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को इंस्टाग्राम के Youth Times Digital Media पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया। वीडियो मिलते ही थाना प्रभारी सकरी ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने टीम गठित कर वीडियो में नजर आ रहे युवकों की तलाश शुरू की। जांच में उनकी पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20) निवासी बजरंग मोहल्ला, वार्ड नंबर-1, सकरी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20) निवासी बंधवापारा, सकरी के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। मेमोरेण्डम कथन में दोनों ने वीडियो में चाकू लहराने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 822/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।





































