JHANSI NEWS. सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक युवक के लिए बेहद भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित पहूज बांध में स्टंट के लिए करीब 30 फीट ऊंचाई से छलांग लगाने वाला 32 वर्षीय युवक नीचे मौजूद चट्टान से टकरा गया। हादसे में उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।

रेलिंग फांदकर लगाई छलांग
घटना रक्सा थाना क्षेत्र के पहूज बांध की बताई जा रही है। परवाई गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया रविवार शाम दोस्तों के साथ बांध घूमने पहुंचा था। इसी दौरान रील बनाने के लिए वह बांध के बाईं ओर बने व्यू पॉइंट पर पहुंच गया।

वहां सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी थी। वीडियो में पुष्पेंद्र रेलिंग पार कर छलांग लगाने की तैयारी करता दिखाई दे रहा है। उसके दोस्त मोबाइल से पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। दोस्तों की हंसी-मजाक के बीच एक युवक को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, “भगवान तेरी आत्मा को शांति दे।” इसके कुछ ही सेकंड बाद पुष्पेंद्र करीब 30 फीट नीचे छलांग लगा देता है।

पानी में कूदा, चट्टान से टकराए पैर
बताया जा रहा है कि जिस जगह युवक कूदा, वहां पानी की गहराई काफी कम थी और नीचे चट्टानी सतह थी। छलांग लगाते ही उसके दोनों पैर चट्टान से जोरदार तरीके से टकराए। चोट इतनी गंभीर थी कि उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

हादसे के बाद वह पानी से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता रहा। पैर काम नहीं कर रहे थे, इसके बावजूद उसने किसी तरह सरिया पकड़कर खुद को संभाला। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला।
रील के लिए स्टंट करना झांसी के एक युवक को भारी पड़ गया।
30 फीट ऊंचे बांध से छलांग लगाकर वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। युवक ऐसी जगह जा गिरा, जहां पानी बेहद कम था।
हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए और अब वह अस्पताल में भर्ती है।
कुछ सेकंड की रील के लिए… pic.twitter.com/rCyoUDarDy
— Priya singh (@priyarajputlive) September 7, 2026
सूचना मिलने पर ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक पैर में डाली गईं दो रॉड
पुष्पेंद्र के एक पैर की चोट गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान उसमें दो रॉड डाली हैं, जबकि दूसरे पैर का ऑपरेशन भी किया जाना है।
पुष्पेंद्र ने बताया कि उसे अंदाजा नहीं था कि नीचे पानी इतना कम होगा। उसका कहना है कि वह पहले भी कई जगह स्टंट कर चुका था, लेकिन इस बार कुछ सेकंड की लापरवाही भारी पड़ गई।
हादसे के बाद लिया बड़ा सबक
अस्पताल में भर्ती पुष्पेंद्र ने माना कि सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में डालकर स्टंट करना बेहद खतरनाक है। उसने कहा कि इस हादसे से उसे अपनी गलती का एहसास हुआ है और अब वह दोबारा इस तरह का स्टंट नहीं करेगा।





































