SARANGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायगढ़ रोड स्थित कुशल नगर के पास तेज रफ्तार माजदा वाहन ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में 25 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। सभी महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के पटेरापाली, गाड़ाघाट और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुशल नगर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार माजदा वाहन ने पिकअप को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में 12 से अधिक घायलों का उपचार जारी है। इनमें से चार श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





































