JHANSI NEWS. झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह महिला की लाश घर के एक कमरे में मिली, जबकि उसकी छोटी बहन दूसरे कमरे में बंद थी। महिला के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

रात में पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात शिवानी का पति यश ठाकुर से विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि विवाद के बाद दोनों एक कमरे में सोने चले गए, जबकि शिवानी की छोटी बहन मुस्कान दूसरे कमरे में सो रही थी। मुस्कान के मुताबिक, रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने अपना बैग मांगा। सामान लेने के बाद उसने कथित तौर पर दोनों कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी और वहां से चला गया।

सुबह कमरे में मिली शिवानी की लाश
मुस्कान ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे उसने बाथरूम जाने के लिए कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कुंडी लगी थी। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। बाद में वह फिर सो गई। सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोली तो शिवानी जमीन पर बेसुध पड़ी मिली। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
अनिकेत का आरोप है कि शिवानी के गले पर निशान थे और कान से खून निकल रहा था। उसने पुलिस से पति यश ठाकुर को गिरफ्तार करने की मांग की है। परिवार का दावा है कि दोनों कमरों की कुंडी बाहर से बंद थी और शिवानी की मौत के बाद यश मौके से फरार हो गया। पुलिस फिलहाल इन आरोपों की जांच कर रही है। हत्या के आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, फिर की थी लव मैरिज
परिजनों के मुताबिक, शिवानी और यश की मुलाकात करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद प्रेम संबंध हुआ और परिवार की सहमति से करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा और मारपीट की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद शिवानी करीब तीन महीने पहले झांसी में किराए के मकान में रहने लगी थी।
पति की तलाश में जुटी पुलिस
सीओ रामवीर सिंह के मुताबिक, महिला के गले पर चोट का निशान दिखाई दिया है। शरीर पर अन्य जगह कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी पति की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































