RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में वन विभाग के कामकाज को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 24 भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इनमें कई जिलों के वन उप संरक्षक (DFO) बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को वन्यजीव, टाइगर रिजर्व और अन्य संस्थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है। आदेश 8 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। तबादला सूची में बलौदाबाजार, बस्तर, सूरजपुर, खैरागढ़, कोरिया, महासमुंद, धरमजयगढ़, कटघोरा, मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, सरगुजा, कांकेर, अंबिकापुर, दुर्ग और अन्य वन क्षेत्रों की नई पदस्थापनाएं शामिल हैं।

उम कुमार गुप्ता को बस्तर के वन उप संरक्षक पद से हटाकर प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) एवं क्षेत्र निदेशक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संदीप बलगा को इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के उप संचालक पद से हटाकर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), पूर्व भानुप्रतापपुर पदस्थ किया गया है। पंकज राजपूत को खैरागढ़ से रायपुर का वन उप संरक्षक बनाया गया है। लोकनाथ पटेल को रायपुर से सरगुजा-अंबिकापुर भेजा गया है। वहीं शशिगानंद के. को गरियाबंद से कांकेर पदस्थ किया गया है। कुमार निशांत को कटघोरा से मरवाही, सत्यदेव शर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम से धरमजयगढ़ और जितेंद्र कुमार उपाध्याय को धरमजयगढ़ से कटघोरा भेजा गया है।

कुछ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी बदली
आदेश में कुछ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें वापस वन विभाग में पदस्थ करने का भी उल्लेख है। संजय यादव को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम से वापस लेते हुए खैरागढ़ का वन उप संरक्षक बनाया गया है। वहीं पंकज कुमार कमल को राज्य वन विकास निगम, नवा रायपुर से वापस लेकर बलौदाबाजार का वन उप संरक्षक पदस्थ किया गया है। पुष्पलता टंडन को वन्यजीव शाखा से हटाकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ का वन उप संरक्षक बनाया गया है। अभिषेक जोगावत को अंबिकापुर से छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज संघ, नवा रायपुर में उप महाप्रबंधक पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है। वहीं ऋषभ जैन को पूर्व भानुप्रतापपुर से राज्य वन विकास निगम में प्रतिनियुक्त किया गया है।

24 अधिकारियों की सूची जारी
आदेश में कुल 24 IFS अधिकारियों के नाम और उनकी वर्तमान व नवीन पदस्थापना का विवरण दिया गया है। इनमें 2013 से 2022 बैच तक के अधिकारी शामिल हैं। दीपेश कपिल को दुर्ग से बस्तर-जगदलपुर, चंद्र कुमार अग्रवाल को मनेंद्रगढ़ से दुर्ग और विपुल अग्रवाल को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से सूरजपुर का वन उप संरक्षक बनाया गया है।

एक नजर में प्रमुख तबादले
अधिकारी नई पदस्थापना
उम कुमार गुप्ता प्रभारी CCF (वन्य प्राणी) एवं क्षेत्र निदेशक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व
पंकज राजपूत DFO रायपुर
संदीप बलगा DFO पूर्व भानुप्रतापपुर
मयंक पांडेय DFO गरियाबंद
श्रीनिवास टकनेट्टी DFO महासमुंद
जितेंद्र कुमार उपाध्याय DFO कटघोरा
कुमार निशांत DFO मरवाही
लोकनाथ पटेल DFO सरगुजा-अंबिकापुर
शशिगानंद के. DFO कांकेर
दीपेश कपिल DFO बस्तर-जगदलपुर
चंद्र कुमार अग्रवाल DFO दुर्ग
विपुल अग्रवाल DFO सूरजपुर





































