BILASPUR NEWS. शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 हुक्के और हुक्का संचालन में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। पुलिस के पहुंचते ही हुक्का पी रहे ग्राहक मौके से भाग निकले, जबकि हुक्का बार के दोनों संचालक भी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेंट जेवियर्स स्कूल के पास स्थित व्यापार विहार में मकान क्रमांक V-05 की तीसरी मंजिल पर श्रीकांत प्रजापति और सोनू दास मानिकपुरी अवैध रूप से हुक्का बार चला रहे हैं। यहां तंबाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर ग्राहकों को प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेकर हुक्का पिलाया जा रहा था।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई देखकर वहां मौजूद ग्राहक इधर-उधर भाग निकले, जबकि दोनों संचालक भी मौके से फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 कांच के हुक्का पॉट, 10 हुक्का पाइप, 3 पैकेट जेल फ्लेवर, 2 स्मोकिंग सिरना, 10 हुक्का टिप्स तथा एक स्टील की चिमटी जब्त की। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 4, 21(1) एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बार और तंबाकू संबंधी गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।






































