RAIPUR NEWS. दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में युवा भीगते हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे और हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया गया।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। प्रदर्शन में दोनों संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे।






































