RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के एक बड़े कारोबारी परिवार पर देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। नगर के गौरव पथ स्थित पीतल सामान के कारोबारी राजकुमार सराफ के मकान और कारखाने में अधिकारियों ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई देर रात शुरू हुई और खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी।

सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम कारोबारी परिवार से जुड़े वित्तीय दस्तावेज, लेन-देन और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। इस दौरान घर और फैक्ट्री परिसर के बाहर स्थानीय पुलिस बल को भी तैनात किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। बताया जा रहा है कि कारोबारी के बेटे शराब कारोबार से भी जुड़े हुए हैं।

इसी वजह से जांच एजेंसियां विभिन्न कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कार्रवाई के दौरान जब बाहर निकले अधिकारियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने जांच का हवाला देते हुए किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कारोबारी परिवार की राजनीतिक पहुंच रही है। ऐसे में इस कार्रवाई को मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक छापेमारी के कारणों या किसी मामले की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

फिलहाल ED और आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई किस मामले में की गई है और एजेंसियों को क्या अहम दस्तावेज या सबूत मिले हैं।



































