BILASPUR NEWS. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म के संवेदनशील मामले की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में जांच प्रक्रिया के दौरान बरती गई उदासीनता, साक्ष्य संकलन में चूक और निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने पर सिरगिट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस तथा विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक संतोषी अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन-अटैच कर रक्षित केंद्र भेज दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार मामले की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इतने गंभीर अपराध के बावजूद थाना प्रभारी स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। साथ ही महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संरक्षण और संकलन में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती गई। इतना ही नहीं, बीएनएसएस की धारा 176(3) के तहत अनिवार्य ‘सीन ऑफ क्राइम यूनिट’ को भी मौके पर नहीं बुलाया गया, जिसे जांच में बड़ी चूक माना गया है।

चॉकलेट का लालच देकर किया था दुष्कर्म
मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां 17 वर्षीय एक नाबालिग आरोपी ने कथित तौर पर चॉकलेट देने के बहाने सात वर्षीय दो बच्चियों को अपने झांसे में लेकर उनके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद पीड़ित बच्चियों की मां ने पुलिस महानिरीक्षक और एसएसपी से मुलाकात कर जांच में लापरवाही की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बजाय उसके परिजनों से बातचीत में लगी रही। पीड़ित पक्ष ने एफआईआर दर्ज करने में देरी, साक्ष्य नहीं जुटाने, आरोपी को विशेष सुविधा देने तथा समझौते का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे। इससे पहले मामले में लापरवाही के आरोप में एक एएसआई को भी लाइन-अटैच किया जा चुका है।

सीएसपी करेंगे जांच
एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक जांच नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) को सौंप दी है। अधिकारियों को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

थानों में किया गया फेरबदल
कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी पदस्थापन आदेश जारी किए गए हैं। जिला विशेष शाखा में पदस्थ निरीक्षक वाय.पी. सिंह को सिरगिट्टी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक कमला पुसाम को पचपेड़ी थाना प्रभारी बनाया गया है तथा उप निरीक्षक राज सिंह को सिरगिट्टी थाने में पदस्थ किया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।



bilaspur news, Bilaspur police, Bilaspur SSP Rajnesh Singh, Chhattisgarh News, Major lapse in investigation of rape cases, rape case, ssp rajnesh singh, SSP takes stern action against TI and Investigating Officer, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, जांच में गंभीर लापरवाही, तत्काल प्रभाव से लाइन-अटैच, दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र





































