RAIGARH NEWS: रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक से 35 हजार रुपये की लूट का मामला सामने आया है। शादी के कार्ड खरीदने और एटीएम से नकदी निकालने खरसिया पहुंचे युवक को लिफ्ट देने के बहाने तीन आरोपियों ने निशाना बनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, खरसिया चौकी क्षेत्र निवासी संजय सिंह सिदार (30) ने 1 जून 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 29 मई को वह अपनी शादी की तैयारियों के सिलसिले में खरसिया आया था। इस दौरान उसने एटीएम से 35 हजार रुपये निकाले और कुछ खरीदारी करने के बाद शराब दुकान पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान से हुई।

बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने उसके साथ चलने की बात कही। संजय उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बंधवा तालाब स्थित पीपल पेड़ के पास पहुंचा। वहां पहले से ही द्वारिका चौहान और राहुल सिदार मौजूद थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अटल आवास की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वह खरसिया चौकी पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान, द्वारिका चौहान तथा राहुल सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूटी गई रकम में से 32,500 रुपये शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से शेष 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही घटना से जुड़े दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।




































