PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में बंद पड़े एक मकान से बुजुर्ग दंपत्ति और उनकी बेटी के शव बरामद किए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दिनों से घर बंद था और हाल ही में वहां से तेज दुर्गंध आने लगी थी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। घर के अलग-अलग कमरों में 70 वर्षीय वीरेंद्र वैश्य, उनकी 65 वर्षीय पत्नी अनिता वैश्य और 45 वर्षीय बेटी मीनाक्षी वैश्य के शव पड़े मिले।
एक साथ तीन शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी सिटी जोन मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार, तीनों शवों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। वहीं, परिवार का लगभग 40 वर्षीय बेटा अभिषेक वैश्य फिलहाल लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मान रही है कि उसके मिलने के बाद मामले से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


































