LALITPUR NEWS : ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में मंगलवार शाम एक गोलगप्पा विक्रेता पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आजादपुरा लेड़ियापुरा निवासी राहुल कुशवाहा (30) वर्णी चौराहे पर गोलगप्पे का ठेला लगाते हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन युवतियां गोलगप्पे खाने के लिए वहां पहुंचीं और अपनी स्कूटी ठेले के पास खड़ी कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी एक युवक वहां पहुंचा और स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर मामला बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवतियों के परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह वहां से चला गया।

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद आरोपी युवक चाकू लेकर वापस लौटा। इस बीच राहुल कुशवाहा दुकान बंद कर अपना ठेला लेकर घर लौट रहे थे। जब वह नई बस्ती मार्ग स्थित मनोज की चक्की के पास पहुंचे, तभी आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। चाकू का एक वार उनके सिर पर और दूसरा हाथ पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायल राहुल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। राहुल ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक कथित तौर पर उन युवतियों का पता पूछ रहा था। पता बताने से इनकार करने पर उसने उन पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































