LALITPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के ललितपुर में पुलिस ने गांजा बेचने जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैग से 1 किलो 375 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।
गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में दिखा युवक
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक संजीव कुकर के निर्देश पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जखौरा थाना प्रभारी दीपक कुमार और बांसी पुलिस चौकी प्रभारी बलराम शर्मा पुलिस टीम के साथ कस्बे में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में बरामद हुआ गांजा
पकड़े गए युवक के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 1 किलो 375 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक कडेरे निवासी बलदाऊ गंज, बांसी, जिला ललितपुर के रूप में की है। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।





































