KANPUR NEWS : कानपुर। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा मानकों और भवन नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए केडीए ने फिजिक्स वाला सहित 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है।

सोमवार को केडीए की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर कोचिंग हब काकादेव में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, स्वीकृत भवन मानचित्र और अन्य अनिवार्य मानकों में गंभीर खामियां पाई गईं। इसके बाद संबंधित संस्थानों को खाली कराकर सील करने की कार्रवाई की गई।

चार जोनों में चला अभियान
केडीए द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जोन-1 में तीन, जोन-2बी में पांच, जोन-3 में तीन और जोन-4 में पांच कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अन्य क्षेत्रों को मिलाकर कुल 22 संस्थानों को प्रथम चरण में चिन्हित कर सील किया गया है।

जांच अभियान रहेगा जारी
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जाएगी। जो संस्थान भवन निर्माण, फायर सेफ्टी और अन्य निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में और संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कार्रवाई के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से कई कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और जरूरी मानकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन नियमित जांच नहीं होती। उनका आरोप है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन सक्रिय होता है और फिर कुछ समय तक अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है।





































