JHANSI NEWS झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक युवक ने उसका पीछा किया और मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर परेशान किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी युवती अपनी नानी के घर झांसी आई हुई थी। वह प्रतिदिन सुबह रानी लक्ष्मीबाई पार्क में टहलने जाती थी। युवती का आरोप है कि पिछले दो दिनों से एक युवक लगातार उसका पीछा कर रहा था। वह कभी पार्क में उसके सामने आ जाता तो कभी वाहन से उसका पीछा करता था।

शुक्रवार को युवक ने हद पार करते हुए पार्क में युवती के सामने मोबाइल पर अश्लील वीडियो चलाकर उसे दिखाया और अभद्र व्यवहार किया। इससे परेशान होकर युवती ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी फिर से रानी लक्ष्मीबाई पार्क के आसपास देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्नाव गेट स्थित अंजली नगर निवासी विनोद गौतम (42) पुत्र कालीचरन गौतम को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता करने लगा। इसके बाद उसे विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




































