JHANSI NEWS झांसी : मथुरा में पत्नी पुक्खन की गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या करने वाले झांसी निवासी मिथुन विश्वकर्मा की जिंदगी से जुड़ी कई बातें सामने आई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के रिश्ते में आई खटास और लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद इस दर्दनाक घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

बृहस्पतिवार रात घटना की खबर मिलने के बाद झांसी के बबीना क्षेत्र स्थित गांधी कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। मिथुन की मां प्रेमवती, बहन राशि और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार देर शाम उसका शव झांसी लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं।

परिजनों के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले मिथुन विश्वकर्मा (27) ने दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र के कंधई गांव निवासी पुक्खन (23) से प्रेम विवाह किया था। दोनों दूर के रिश्तेदार थे, इसलिए परिवार ने शुरुआत में इस रिश्ते का विरोध किया था। हालांकि, दोनों के अडिग रहने और साथ जीने-मरने की कसमें खाने के बाद परिवार को आखिरकार शादी के लिए राजी होना पड़ा।

शादी के बाद दोनों मथुरा में रहने लगे और स्पा सेंटर में काम करने लगे। कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन करीब दो साल पहले उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मिथुन की नजदीकियां एक अन्य युवती से बढ़ गई थीं। जब इस बात की जानकारी पुक्खन को हुई तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुक्खन अलग रहने लगी और उसने मिथुन के खिलाफ अदालत में मामला भी दर्ज कराया।

बताया जाता है कि बाद में मिथुन दोबारा पुक्खन के साथ रहना चाहता था और उसने कई बार समझौते की कोशिश भी की, लेकिन पुक्खन इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद बना रहा।

जानकारी के अनुसार, पुक्खन कुछ समय से गोंडा में काम कर रही थी और करीब आठ दिन पहले ही मथुरा लौटी थी। वह अपनी सहेली रागिनी के पास गोवर्धन रोड स्थित सूर्यनगर कॉलोनी में रह रही थी और कृष्णानगर क्षेत्र के एक स्पा सेंटर में काम कर रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।


































