BILASPUR NEWS. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा कुंद्रापारा में रविवार रात एक फल व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नकाबपोश हमलावर ने व्यवसायी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, लेकिन पत्नी की साहसिक सूझबूझ से आरोपी की पहचान उजागर हो गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार तिफरा चौक निवासी फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी (32) रविवार रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी के साथ दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और पीछे से मनीष को पकड़कर धारदार चाकू से पेट और पीठ पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पति को बचाने भिड़ गई पत्नी
हमले के दौरान मनीष की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर का सामना किया। उसने आरोपी को पकड़कर उसके चेहरे पर बंधा नकाब खींच दिया, जिससे उसकी पहचान दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट के रूप में हो गई। पहचान उजागर होते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

अवैध संबंधों की रंजिश बनी हमले की वजह
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला से संबंध था, जो वर्तमान में उसके साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज था और रंजिश पाल रखा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते उसने मनीष की हत्या की योजना बनाई थी।

रायपुर से गिरफ्तार, चाकू बरामद
सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर रायपुर में घेराबंदी कर आरोपी दुर्गेश साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




































