VISAKHAPATNAM STEEL PLANT विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में पिघला हुआ स्टील लीक होने के बाद हुए विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान पर पिघले इस्पात से भरी करछुल में विस्फोट होने से यह दुर्घटना हुई।
विशाखापत्तनम में एक स्टील फैक्ट्री में बड़ा हादसा। गर्म स्टील कई मजदूरों पर गिरा। आठ मजदूरों की मौत। कई घायल! pic.twitter.com/n5vktBpuoa
— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) June 8, 2026

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के कर्मचारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाने और राहत कार्य शुरू किए गए।

आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और घायलों के समुचित इलाज के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जानकारी मिलते ही गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

इस बीच मजदूर यूनियन के नेता एन. अयोध्याराम ने कहा कि आग लगने के पीछे किसी विस्फोट की आशंका है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों में ठेका श्रमिक शामिल हैं या स्टील प्लांट के नियमित कर्मचारी।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली और सभी विभागों को समन्वय के साथ तेजी से बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।





































