RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में रविवार सुबह मोबाइल स्नैचिंग की एक बड़ी घटना सामने आई। विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच व विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटना स्थल और संभावित मार्गों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लगातार तलाश की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19 वर्ष) पिता राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि शहर में होने वाले हर अपराध को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी और चोरी या छीने गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।



































