BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच हुए विवाद में लाठी-डंडे, ईंट, लोहे की वस्तु और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल, जो बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी. फार्मेसी का छात्र है, अपने परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ मोटरसाइकिल पर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकला था। बताया जा रहा है कि युवक हाथ में लाउड स्पीकर लेकर सूचना दे रहे थे।

पेट्रोल पंप के पास टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार में आए एक बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि बाइक धीरे चलाने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच बेल्ट से मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

लाठी-डंडे, ईंट और धारदार हथियार से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के मुताबिक, कुछ ही देर में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में प्रभाकर मार्शल के सिर के पीछे गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय को भी बेरहमी से पीटा गया। निमेश के सिर, कान, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।

इलाके में मचा हड़कंप, कई आरोपियों पर केस दर्ज
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक माहौल तनावपूर्ण हो चुका था। सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



































