JOB NEWS. भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन नेवी ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) ऑफिसर एंट्री 2026 के तहत 275 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। यह भर्ती नौसेना की विभिन्न शाखाओं के लिए आयोजित की जा रही है।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह एक बेहतरीन अवसर है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। एसएससी ऑफिसर भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीई/बीटेक में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री होना आवश्यक है। अलग-अलग शाखाओं के लिए अतिरिक्त पात्रता शर्तें भी निर्धारित की गई हैं, जिनकी जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का जन्म 2 जुलाई 2002 से 1 जुलाई 2008 के बीच होना चाहिए। हालांकि, अलग-अलग एंट्री और शाखाओं के अनुसार आयु सीमा में आंशिक बदलाव हो सकता है। भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच कर शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को एसएसबी (SSB) इंटरव्यू के लिए ईमेल या एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।

एसएसबी इंटरव्यू में मनोवैज्ञानिक परीक्षण, समूह गतिविधियां और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल होंगे। इस चरण में सफल उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। सभी चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
सबसे पहले इंडियन नेवी की आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर उपलब्ध SSC Officer Recruitment लिंक पर क्लिक करें।
नया पंजीकरण (Registration) करें और आवश्यक जानकारी भरें।
शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विवरण दर्ज करें।
जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें।
सभी जानकारी जांचने के बाद आवेदन पत्र सबमिट करें।
भविष्य की आवश्यकता के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।



































