GARIYABAND NEWS. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। देवभोग पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी से करीब 130 किलो गांजा बरामद किया है। खास बात यह रही कि तस्करों ने गांजे को सब्जियों के कैरेट के नीचे छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस को शक न हो। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वाहन भारी मात्रा में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की तरफ रवाना होने वाला है। सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। पहली नजर में वाहन में सब्जियों के कैरेट दिखाई दिए, लेकिन पुलिस को शक होने पर जब नीचे की परत हटाई गई तो कैरेटों के नीचे गांजे के पैकेट छिपे मिले।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत वाहन और उसमें मौजूद आरोपी को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम राहुल पांडेय बताया है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अब पुलिस इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है। जांच की जा रही है कि ओडिशा में गांजा किसने सप्लाई किया और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है।

पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले भी पुलिस ने सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के तस्करों को पकड़ा था और एक करोड़ रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया गया था।



































