KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को लेकर सियासी बयानबाजी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। विधानसभा में बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कड़ा बयान देते हुए राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जरिए वापस भेजा जाना चाहिए।

कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “जल्दी-जल्दी यहां से निकल जाओ, वरना कड़ी कार्रवाई होगी। हम घुसपैठियों को जेल में रखकर सरकारी खर्च पर नहीं पालेंगे। वे हमारे दामाद नहीं हैं, उन्हें हर हाल में वापस भेजा जाएगा।” उन्होंने यह भी दावा किया कि बांग्लादेशी प्रशासन अपने नागरिकों को वापस लेने को तैयार है।

बॉर्डर इलाकों में बढ़ी हलचल, हाकिमपुर चेक पोस्ट पर जुटने लगे लोग
शुभेंदु अधिकारी के बयान और प्रशासनिक सख्ती की चर्चाओं के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है। उत्तर 24 परगना जिले के हाकिमपुर चेक पोस्ट पर मंगलवार सुबह से बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों के पहुंचने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि कई लोग कार्रवाई की आशंका के बीच सीमा पार लौटने की कोशिश में बॉर्डर क्षेत्र में एकत्रित हुए।

मुर्शिदाबाद में पहली बड़ी कार्रवाई, 3 बांग्लादेशी हिरासत में
इसी बीच मुर्शिदाबाद जिले में अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार तीन बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर होल्डिंग सेंटर भेजा गया है। प्रशासन का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त अभियान चला रही हैं।

सीमा पर अलर्ट, सघन जांच जारी
सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी और सत्यापन अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध घुसपैठ और दस्तावेजों की जांच को लेकर निगरानी और कड़ी की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।





































