BILASPUR NEWS. बिलासपुर में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रूपनारायण सिन्हा को साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल पहुंचकर कई भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने डॉक्टरों से जानकारी ली।

भाजपा जिला संगठन की ओर से बिलासपुर के तिफरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का आयोजन किया गया था। यह दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग था, जिसकी शुरुआत सोमवार को हुई थी। रूपनारायण सिन्हा इस अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

मंगलवार को प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन कार्यक्रम के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। योग और जनसंपर्क कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती थी। संगठन के भीतर उन्हें अनुशासित और सक्रिय पदाधिकारी के तौर पर देखा जाता था।

घटना के बाद परिजन सिम्स अस्पताल से रूपनारायण सिन्हा का पार्थिव शरीर लेकर रायपुर रवाना हो गए। भाजपा नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया है।


































