Police Arrest Luteri Dulhan मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने फिल्म डॉली की डोली की कहानी को सच साबित कर दिया। यहां एक कथित लुटेरी दुल्हन शादी के अगले ही दिन ससुराल से लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दुल्हन, उसकी मां और एक महिला बिचौलिया को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी किए गए गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।
मामला छपार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का है। पीड़ित मांगेराम ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात घुमावटी गांव निवासी रविंद्र से हुई थी। रविंद्र ने उसके बेटे के लिए सोनाक्षी नाम की युवती का रिश्ता कराया। परिवार को रिश्ता पसंद आया और शादी तय हो गई। आरोप है कि शादी तय कराने के नाम पर परिवार से मोटी रकम भी वसूली गई।
बताया गया कि 10 मई को हरिद्वार के एक मैरिज होम में हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न हुई। शादी के दौरान दुल्हन को सोने-चांदी के आभूषण भी दिए गए। लेकिन अगले ही दिन दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। जब परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि घर में रखे कीमती जेवर भी गायब हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

छपार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों में कथित लुटेरी दुल्हन सोनाक्षी, उसकी मां कामिनी और बिचौलिया महिला आशा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उन परिवारों को निशाना बनाता था, जिनके बेटों की शादी अधिक उम्र या अन्य कारणों से नहीं हो पा रही थी। आरोपी पहले भरोसा जीतकर शादी तय कराते थे और फिर शादी के एक-दो दिन बाद दुल्हन जेवर लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अब तक कितने परिवार इस ठगी का शिकार हो चुके हैं।





































