RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने बड़ा निर्णय लेते हुए इस वर्ष शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत प्रवेश नहीं देने के अपने फैसले को वापस ले लिया है। संगठन के इस कदम से आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

एसोसिएशन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में 18 मई से आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लंबे समय से दाखिले को लेकर असमंजस में फंसे अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए यह खबर राहतभरी मानी जा रही है।

हालांकि निजी स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उनका असहयोग आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा। संगठन की मांग है कि राज्य सरकार शासकीय स्कूलों में प्रति विद्यार्थी होने वाले खर्च की वास्तविक राशि सार्वजनिक करे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जा सके।

निजी स्कूल संचालकों का कहना है कि वे लगातार आरटीई के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आरटीई प्रवेश का रास्ता साफ होने के बाद अभिभावकों ने फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि बच्चों का दाखिला समय पर पूरा हो सकेगा।





































