DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बीती रात एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शहर के गणेश चौक इलाके में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान एसिड अटैक की घटना सामने आई, जिसमें एक नाबालिग समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोग तेजाब से गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत प्रेम प्रसंग और मोबाइल फोन को लेकर हुई थी। बताया जा रहा है कि रामपुर वार्ड की एक महिला का प्रेम संबंध गणेश चौक निवासी सूरज के दोस्त के साथ था। इसी बात को लेकर महिला का पति बड़ी संख्या में लोगों के साथ सूरज के घर पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई।

इसी दौरान आरोपी सूरज ने घर में रखा तेजाब भीड़ पर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लक्की नामक युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि एक नाबालिग भी लगभग 25 प्रतिशत तक झुलस गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया है।

घटना में आरोपी सूरज भी घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

इस घटना के बाद प्रतिबंधित एसिड की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी बर्तन चमकाने का काम करता था, इसलिए उसके पास तेजाब मौजूद था। फिलहाल दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





































