छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को बदनाम करने के लिए AI तकनीक की मदद से उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला अदालत तक पहुंच चुका है और पिछले दो महीनों से तलाक का केस विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते आरोपी ने कथित रूप से बदला लेने के इरादे से यह हरकत की।

इंस्टाग्राम पर वीडियो देख उड़ गए होश
पीड़िता ने बताया कि 10 मई को जब उसने इंस्टाग्राम चेक किया तो उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर AI के जरिए अश्लील वीडियो बनाए गए थे, जिन्हें उसके पति के अकाउंट से अपलोड किया गया था। हालांकि बाद में आरोपी ने वीडियो डिलीट कर दिए, लेकिन तब तक पीड़िता ने स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल सबूत सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिए थे।

आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77, 79, 356 और आईटी एक्ट की धारा 66 ई व 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स की बारीकी से जांच कर रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जा सके।





































