Sex Racket exposed: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र स्थित किशननगर एक्सटेंशन में पुलिस ने स्कूल परिसर के किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

जानकारी के अनुसार, सिरमौर मार्ग स्थित एक प्ले ग्रुप स्कूल की बिल्डिंग में पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। स्थानीय लोगों ने बाहरी लोगों की लगातार आवाजाही पर शक जताते हुए विरोध किया और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। जांच में सामने आया कि दूसरे राज्यों से महिलाओं को लाकर यहां देह व्यापार कराया जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में आशीष पांडे और जंग बहादुर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और मकान किराये पर लेने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।





































