Chhattisgarh News : कबीरधाम जिले की पंडरिया ब्लॉक में लगभग 200 से अधिक बैगा आदिवासियों ने अपने मूल धर्म और परंपराओं में आस्था जताते हुए घर वापसी की। वनांचल क्षेत्र के बूचीपारा गांव में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मेलन के दौरान 200 से अधिक बैगा आदिवासियों ने सनातन धर्म में वापसी की। इनमें 80 पुरुष, 75 महिलाएं और 45 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि चर्च में प्रार्थना कराने वाले पास्टर भानु सिंह ध्रुवे ने भी सार्वजनिक रूप से सनातन धर्म अपनाया। बताया जा रहा है कि वह छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के चर्चों में भी प्रार्थना सभा कराते थे।

विधायक भावना बोहरा ने किया स्वागत
कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लोगों के चरण पखारकर उनका स्वागत किया। उन्होंने इसे संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का अभियान बताया। विधायक ने दावा किया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले 8 महीनों के दौरान 700 से अधिक लोग सनातन धर्म में वापसी कर चुके हैं। वहीं, क्षेत्र के आदिवासियों ने विधायक भावना बोहरा का मिलेट से तौलकर अभिनंदन किया।

8 वर्षों से जुड़े थे ईसाई धर्म से
जानकारी के मुताबिक, सनातन धर्म में लौटने वाले अधिकांश लोग पिछले करीब 8 वर्षों से ईसाई धर्म से जुड़े हुए थे। घर वापसी करने वाले लोगों का कहना है कि बीमारियों के इलाज और अन्य समस्याओं के कारण वे अपने मूल धर्म से दूर हो गए थे, लेकिन अब सरकार के विकास कार्यों और सामाजिक जागरूकता के चलते उन्होंने हिंदू धर्म में वापसी की है।






































