RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के शंकर नगर स्थित अशोका रतन बिल्डिंग की छठवीं मंजिल से कूदकर बीटेक के एक छात्र ने अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गौरव जायसवाल के रूप में हुई है, जो भिलाई में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और रायपुर के अशोका रतन अपार्टमेंट में रह रहा था। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ दिनों से किसी निजी कारण से तनाव में था। इसी बीच उसने यह कदम उठा लिया।


घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। खम्हारडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।




































