BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चरित्र शंका के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेम संबंध के शक में एक शिक्षक ने अपने बेटे के साथ मिलकर 27 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी। हत्या के बाद फरार होने की तैयारी में जुटे आरोपी पिता-पुत्र को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मुंगेली जिले का रहने वाला आरोपी शिव कांबले पेशे से शिक्षक है। उसे लंबे समय से संदेह था कि उसकी पत्नी का राम्हेपुर निवासी दावेंद्र बघेल (27) से संबंध है। इस बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि सामाजिक बदनामी और पारिवारिक तनाव से परेशान होकर शिव कांबले ने करीब छह दिन पहले ही मुंगेली छोड़ दिया था और परिवार सहित बिलासपुर की सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आ गया था। परिवार को उम्मीद थी कि स्थान बदलने से विवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ।

शनिवार को इसी मुद्दे को लेकर घर में फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी पर दबाव बनाकर दावेंद्र बघेल को बातचीत के बहाने नए घर बुलवाया। पत्नी के फोन पर दावेंद्र बिलासपुर स्थित मकान पहुंचा, जहां शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अनहोनी की आशंका में पत्नी पहुंची थाने
घटना के दौरान हालात बिगड़ते देख महिला डर गई और किसी बड़ी वारदात की आशंका में सीधे सकरी थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के घर से निकलने के बाद पिता और पुत्र ने दावेंद्र बघेल के साथ मारपीट की और कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम के बाद जांच तेज, पिता-पुत्र हिरासत में
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश में थे, लेकिन सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





































