Medical Equipment Scam: झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के निर्मल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनोज मिश्रा के साथ सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर 62.50 लाख रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने कानपुर स्थित एक कंपनी और उसके प्रतिनिधि के खिलाफ नवाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कंपनी प्रतिनिधि ने दिया था प्रस्ताव
डॉ. मनोज मिश्रा ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2023 में कानपुर की मैसर्स रिफेक्ट ट्रेडिंग सॉल्यूशन कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि राहुल अवस्थी ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने एक वर्ष की वारंटी के साथ सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया और इसकी कीमत 35 लाख रुपये बताई। इसके लिए 30 लाख रुपये एडवांस के तौर पर जमा कराए गए।

अनुबंध के बाद भेजी गई पुरानी मशीन
विश्वास दिलाने के लिए कंपनी की ओर से 22 अगस्त 2023 को 100 रुपये के स्टांप पेपर पर अनुबंध भी किया गया। हालांकि, बाद में कंपनी ने जो सीटी स्कैन मशीन भेजी, वह पुरानी निकली। मशीन बार-बार खराब होती रही और अस्पताल में उसका सही तरीके से उपयोग नहीं हो सका।
नई मशीन के नाम पर मांगी गई अतिरिक्त रकम
डॉ. मिश्रा के अनुसार, मशीन में लगातार आ रही खराबी की शिकायत करने पर कंपनी ने बेहतर और नई मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए पहले से जमा धनराशि के अलावा अतिरिक्त रकम की मांग की गई। भरोसा कर उन्होंने और पैसा भी जमा किया, लेकिन इसके बावजूद नई मशीन नहीं भेजी गई।
जब लंबे समय तक मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई और कंपनी की ओर से कोई समाधान नहीं मिला, तब डॉ. मनोज मिश्रा ने पुलिस का सहारा लिया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई





































