BILASPUR NEWS. तखतपुर थाना क्षेत्र में बाहरी मजदूरों पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा से धान कटाई के लिए आए हार्वेस्टर संचालकों पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाकर स्थानीय लोगों ने उन पर रॉड, डंडों और बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं उनके वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

खाली प्लॉट में शौच को लेकर हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, तेजस सिंह पाल (जिला कैथल, हरियाणा) अपने बेटे परविंदर सिंह पाल और साथी डीम्पी राम पाल के साथ तखतपुर क्षेत्र में धान कटाई के लिए आए थे। वे मक्कड़ पेट्रोल पंप के पास ठहरे हुए थे और अपने हार्वेस्टर की सर्विसिंग कर रहे थे।
इसी दौरान पास के एक खाली प्लॉट में शौच करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने प्लॉट को अपना बताते हुए मजदूरों पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाया। मजदूरों ने जगह छोड़ने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ गया।

गाली-गलौज के बाद किया हमला
आरोप है कि कुछ ही देर में स्थानीय लोग आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करते हुए रॉड, बेल्ट और डंडों से मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में तेजस सिंह पाल के सिर, पीठ और हाथों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके बेटे और साथी भी घायल हुए हैं।
हमलावरों ने मजदूरों के हार्वेस्टर और मोटरसाइकिल में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

इन आरोपियों पर केस दर्ज
तखतपुर पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर नाजिर जायसी, आलोक आहुजा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
धारा 115(2)
धारा 296
धारा 3(5)
धारा 324(4)
धारा 351(3)
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।





































